थाना क्षेत्र के शेरपुर कला गांव स्थित भागड़नाले में सोमवार को मछली पकड़ने मित्रों के साथ गए युवक की डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शेरपुर कला गांव निवासी चंदन (25) दोपहर में अपने मित्रों के साथ भागड़नाले में मछली मारने के लिए प्रतिदिन की तरह गया था। मछली पकड़ने के चक्कर में उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। यह देख वहां मौजूद उसके अन्य साथी शोर मचाने लगे। जब-तक आस-पास के लोग मौके पर पहुंचते युवक डूब चुका था। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश में जुट गई। काफी प्रयास के घटना स्थल से कुछ दूरी पर युवक का शव बरामद हुआ। पानी से शव बाहर निकलते ही परिवार के लोग दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगे। मृतक चार भाई-बहनों में सबसे था। इस संबंध में थानाध्यक्ष हरिनारायण शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।