मुहम्मदाबाद के सेमरा गंगा तट पर बालक के डूबने के दौरान तट पर लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : GHAZIPUR
मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गंगा घाट पर नहाते समय शुक्रवार को एक बालक की डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश कर शव को पानी से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगर के भट्ठी मुहल्ला निवासी शाहिद (10) तीन दिन पूर्व अपनी फुफेरी बहन के घर सेमरा गया था। वह अपने साथियों के साथ गांव के बाहर गंगा घाट पर नहा रहा था। इसी दौरान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख उसके मित्र शोर मचाने लगे। जब-तक आस-पास के लोग पहुंचते बालक पानी में डूूब चुका था। इधर हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव की तलाश शुरु कर दी। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।