सुहवल। थाना क्षेत्र के गरूआ मकसूदपुर गांव के सामने शनिवार की देर रात तेज रफ्तार बाइक के धक्के से पशुओं के लिए चारा ले जा रहे किसान की मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही परिजन रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश शुरू कर दी गई। इलाके के गरूआ मकसूदपुर गांव निवासी किसान शिवमूरत राम (52) रात करीब नौ बजे डेरे से बोरे में जानवरों का चारा लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान चकियां उर्फ चकमजीठ की ओर से तेज रफ्तार आ रही बाइक के चपेट में आ गए। हादसे में अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल एवं अधेड़ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाईयों में सबसे छोटे थे। वह घर पर ही रही परिवार का पालन-पोषण करते थे। प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों के तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।