भड़सर। जंगीपुर थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे स्थित टिकरी मोड़ के पास बुधवार देर शाम वाजिदपुर गांव के ग्राम प्रधान और भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह कुशवाहा पर बाइक सवार तीन नकाबपोश हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर भाग गए। पुलिस ने घायल भाजपा मंडल अध्यक्ष का उपचार कराया। बृहस्पतिवार की देर शाम पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जंगीपुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि वाजिदपुर गांव ग्राम प्रधान और भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि वह अपने एक साथ के साथ निमंत्रण पर बाइक से मरदह जा रहे थे। निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे स्थित टिकरी मोड़ पर पहले से बाइक पर मौजूद तीन नकाबपोशों ने रोक लिया। अभी वह कुछ समझ पाते तबतक लाठी-डंडे से मारना-पीटना शुरू कर दिया। जबतक राहगीर और आस-पास के लोग मौके पर पहुंचते आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची 112 डॉयल पुलिस टीम ने घायल का प्राथमिक उपचार कराया। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है।