कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के देवली गांव में बृहस्पतिवार की देर रात घर से जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने निकले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देवली गांव निवासी विपिन उर्फ चंचल (24) देर शाम बहादुरगंज कस्बे में एक मित्र के घर जन्मदिन की पार्टी में भाग लेने की बात परिजनों को बताकर घर से निकला था। देर रात उसके एक मित्र ने फोन कर बताया कि विपिन की तबीयत काफी खराब हो गई है। आनन-फानन में परिजन बहादुरगंज स्थित गांधी मेमोरियल इंटर कॉलेज के पास पहुंचे जहां विपिन बेसुध हालत में मिला। परिजन उसे उपचार के लिए मऊ स्थित जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्यामजी यादव ने बताया कि मृतक के पिता रामू राम की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।