भुड़कुड़ा कोतवाली के जखनिया रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के आउटर स्थित कौला जखनिया गांव के पास बृहस्पतिवार को युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जाहिर की। इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुबह स्टेशन मास्टर को मालगाड़ी ट्रेन के चालक ने सूचना दी कि एक युवक का शव ट्रैक के किनारे कौला जखनिया गांव के सामने पड़ा हुआ है। स्टेशन मास्टर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मृतक की शिनाख्त जखनिया बाजार निवासी ऋषिकेश उर्फ छोटू यादव (20) के रूप में हुई। इधर घटना की जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। एसआई बलवंत कुमार ने बताया कि मृतक का ऋषिकेश उर्फ छोटू यादव जखनिया बाजार में हलवाई का काम करता था। जखनिया में भी मकान बना लिया था। मृतक के पिता विजय यादव ने बताया कि ऋषिकेश उर्फ छोटू यादव का देर रात दो बजे फोन आया और कहा कि मुझे बचा लिजिए। कई लोगों ने घेर रखा है और मार डालेंगे। परिजनों के रोने बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। भुड़कुड़ा प्रभारी कोतवाल राजू दिवाकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन दुर्घटना का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। इधर लोगों में हत्या किए जाने की चर्चा रही।