नंदगंज। थाना क्षेत्र के मुड़वल गांव में स्थित एक खेत में शनिवार की सुबह घर से लापता एक किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के गले में दुपट्टा लपेटा होने से परिवार सहित अन्य लोग हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे थे। पिता की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
मालूम हो कि मुड़वल गांव निवासी एक महिला शनिवार की सुबह मकान के छत पर गई तो कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में पड़ी एक किशोरी के शव पर उसकी नजर पड़ी। वह घबराकर नीचे आई और परिवार के लोगों को बताया। यह खबर कुछ ही देर में चारों तरफ फैल गई और मौके पर दर्जनों ग्रामीण एकत्र हो गए। इसी गांव निवासी बबलू राम भी वहां पहुंचा तो देखा कि मृतका उसकी पुत्री प्रिया (16) थी, जो शुक्रवार की शाम पांच बजे से ही घर से निकली थी। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई। किशोरी के गले में दुपट्टा लपेटा होने और कपड़ा अस्त-व्यस्त होने से परिवार के साथ ही ग्रामीण यह आशंका व्यक्त कर रहे थे कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। इस मामले में मृतका के चाचा सुरेंद्र ने थाना में तहरीर दिया। लिखा कि मेरी भतीजी शुक्रवार से गायब थी और शनिवार को दोपहर में उसका शव घर से 200 मीटर दूरी पर खेत में मिला। आशंका है कि किसी ने गला घोंटकर उसकी हत्या की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनीत राय ने कहा कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन शुरु कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि किशोरी की मौत किन कारणों से हुई है। मालूम हो कि मृतका प्रिया कक्षा-11 की छात्रा थी और महाराजगंज में पड़ती थी। उसके पिता बाहर रहकर कमाते हैं। वह अपनी मां सरिता के साथ रहती थी। बेटी की मौत पर मां के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उसे सांत्वना देने वालों की आंखें भी छलछला जा रही थी।