खानपुर थाना क्षेत्र के शादीभादी गांव के पास गाजीपुर-वाराणसी हाइवे के किनारे गड्ढे में शनिवार को पिकअप चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के सिर में गंभीर चोट के निशान होने की वजह से चालक के पुलिया से करीब चार फीट गड्ढे में गिरने से मौत का कयास लगाया जा रहा है। इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
शादीभादी गांव के सामने वाराणसी-गाजीपुर मार्ग के किनारे पुलिया के पास गड्ढे में एक युवक का शव देखकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पास मिले आधार कार्ड से से उसकी शिनाख्त वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र के श्रीकंठपुर गांव निवासी राकेश सोनकर (35) के रूप में की। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी रोते- बिलखते थाने पहुंच गए।
थानाध्यक्ष खानपुर संजय मिश्रा ने बताया की मृतक धरहरा गांव निवासी भृगुनाथ यादव का पिकअप चलाता था। शुक्रवार की देर शाम जौनपुर जनपद के केराकत (देवकली) से गाजीपुर पिकअप में अंडा लेकर गया था। वहां से वह पास लौट रहा था। संभवत: वह शादीभादी गांव के पास हाइवे के किनारे वाहन खड़ा करके पुलिया के पास शौच के लिए गया होगा और पुलिया से गिरने से उसके सिर में चोट आने से उसकी मौत हुई होगी। हालांकि परिजनों के आने के बाद आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।