नंदगंज। थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में मंगलवार की शाम विवाहिता निशा राजभर (25) का शव कमरे में जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। सीओ भुड़कुड़ा शुभम वर्मा ने बताया कि नोनहरा थाना के सम्मनपुर निवासी बुद्धि राम ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जब पुलिस आलमपुर गांव पहुंची तो विवाहिता का शव घर में फर्श पर पड़ा हुआ था। पूछताछ में ससुरालियों ने बताया कि जितेंद्र कुमार बाहर रहता है। जबकि उसकी पत्नी निशा राजभर (25) परिजनों संग घर पर रहती थी। ससुरालियों ने बताया कि विवाहिता कमरे में फंदे से लटकती मिली थी। उसे फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता नोनहरा थाना सम्मनपुर बुद्धि राम ने बताया कि पुत्री निशा की शादी बीते एक जून 2025 को जितेंद्र कुमार से हुई थी।
भुड़कुड़ा सीओ शुभम वर्मा ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।