सादात। थाना क्षेत्र के सवास गांव के पास सोमवार को रेलवे लाइन पर एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुट गई। कुछ लोगों ने सादात क्षेत्र के सवास गांव के पास रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव देखा। वहीं पर एक साइकिल भी पड़ी हुई थी। सूचना पर एसआई मोहम्मद शमीम अहमद पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों से पूछताछ करने के बाद शव के साथ वहां पड़ी साइकिल को कब्जे में ले लिया। एसआई ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष है। वह सफेद रंग की शर्ट एवं काला हाफ लोवर पहने हुए है। देखते से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शायद उसने किसी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की हो। मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।