बिरनो। थाना क्षेत्र के बेठौरा गांव में मंगलवार की देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर दबंग युवकों ने लाठी-डंडा से मारपीट कर पूर्व प्रधान और उनके भतीजा को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। बेठौरा गांव निवासी पूर्व प्रधान अनिल सिंह (43) का कुछ दिन पहले खेत में बकरी जाने को लेकर एक व्यक्ति से कहा-सुनी हुई थी। इसी को लेकर मंगलवार की देर शाम करीब छह बजे दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा से हमला बोल दिया। इस मारपीट में पूर्व प्रधान अनिल सिंह और उनका भतीजा आशीष सिंह (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो पर लाई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सलील स्वरूप आदर्श ने बताया कि पीड़ित अनिल सिंह की तहरीर पर संदीप, राहुल सहित दस लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।