गाजीपुर के ताजपुर मांझा गांव में रविवार रात दो लोगों के बीच हो रहे विवाद को सुलझाने गए चौकीदार को एक दबंग ने गोली मार दी। पैर में गोली लगने से घायल चौकीदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यूपी के गाजीपुर जिले के ताजपुर मांझा गांव में रविवार रात दो लोगों के बीच हो रहे विवाद को सुलझाने गए चौकीदार को एक दबंग ने गोली मार दी। संयोग ठीक रहा कि गोली दाहिने पैर में लगी। आवाज सुनकर परिवार और आस-पास के लोग जबतक पहुंचते आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल चौकीदार की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
विज्ञापन
जमानिया कोतवाली के ताजपुर मांझा गांव निवासी घायल चौकीदार उमेश पासवान ने बताया कि गांव का ही मुकेश राय सड़क पर किसी से विवाद कर रहा था। यह देखकर बीचबचाव करने पहुंचा। इस पर मुकेश राय ने क्रोधित होते हुए कहा कि तुम थाने में शिकायत करते हो। इसके बाद चौकीदार उमेश अपने कमरे पर चले गए।
कुछ देर बाद ही मुकेश उनके कमरे पर पहुंचा और तमंचा से फायर कर दिया। संयोग अच्छा रहा कि गोली चौकीदार के दाहिने पैर में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे परिजन ने उन्हें उपचार के लिए पीएचसी लेकर आए। वहीं गोली चलने की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल चौकीदार से घटना की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।