दुर्घटना स्थल पर खड़ी क्षतिग्रस्त कार। स्रोत-संवाद
नगर के ज्ञानपुर रोड कुशियारा में नाबालिग कार चालक ने बाइक व साइकिल में टक्कर मार दी। कार की चपेट में आने से बाइक सवार का दाएं घुटने के नीचे का हिस्सा कटकर अलग हो गया। वहीं पांच फीट हवा में उड़कर 20 फीट दूर गिरे साइकिल सवार हैप्पी यादव (21) की मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक को बाल सुधार गृह भेज दिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है
प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार के अनुसार नगर के पंचभैया के कालीन कारोबारी नुसरत खां की दो साल पहले माैत हो गई थी। उनका 13 वर्षीय बेटा कार चलाना सीख रहा था। कार नुसरत के नाम पर ही है। सुबह छह बजे वह अपनी कार से नेशनल कॉलेज की ओर जा रहा था। इस बीच ज्ञानपुर रोड कुशियारा के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर पहले बाइक सवार रोहित 21 निवासी हिम्मतपुर बकुचियां को टक्कर मारी। इसके बाद साइकिल सवार हैप्पी यादव निवासी ग्राम उधवा को रौंद दिया। कार की टक्कर से रोहित के दाएं पैर के घुटने के नीचे का हिस्सा कटकर अलग हो गया। वहीं साइकिल सवार पेट्रोल पंप कर्मी हैप्पी यादव करीब पांच फीट हवा में उछलकर कार से 20 फीट दूर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल दोनों को पुलिस की सहायता से पहले राजकीय एमबीएस अस्पताल ले जाया गया। जहां से दोनों को रेफर कर दिया गया। दोपहर बाद ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान हैप्पी यादव की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के बाद किशोर को छोड़कर कार सवार तीन अन्य लोग भाग गए। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ से किशोर को बचाया और उसे हिरासत में ले लिया। मृतक हैप्पी यादव के पिता अमरेश यादव ने तहरीर दी।
वर्जन
नाबालिग कार चालक को सुधार गृह भेज दिया गया है। कार में अन्य सवारों की तलाश की जा रही है। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। - अभिनव त्यागी एसपी