ऑनलाइन पैसा निकालने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार
एक लाख 73 हजार रुपये पुलिस ने किया बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जमानिया कोतवाली पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास के शुक्रवार की देर शाम एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने अभियुक्त को पेश करते हुए बताया कि वह धोखाधड़ी कर ऑनलाइन पैसा निकालता था। उसके पास से धोखाधड़ी कर निकाला गया एक लाख 73 हजार रुपये बरामद किया गया है।
एसपी ने बताया कि बीते पांच फरवरी को जमानिया रेलवे स्टेशन निवासी सौरभ जायसवाल द्वारा कोतवाली में तहरीर दी गई थी कि किसी अंजान व्यक्ति द्वारा मेरे खाता से दो फरवरी को आठ बार में एक लाख 90 हजार रुपये निकाला गया है। मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह मामले की छानबीन में जुटे हुए थे। इसी क्रम में साइबर सेल की मदद से जमानिया स्टेशन के पास स्थित एक मोबाइल की दुकान से पटखौलिया निवासी राजेश गुप्ता, पुत्र रामअवतार को शुक्रवार शाम करीब पौने पांच बजे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से ऑनलाइन धोखाधड़ी से निकाला गया एक लाख 73 हजार बरामद किया। पुलिस द्वारा वादी से पूछताछ करने पर बताया खाता से संबंधित रजिस्टर्ड नंबर बंद हो गया है। इस पर मोबाइल नंबर के बारे में पता लगाया तो ज्ञात हुआ कि वादी के पिता के नाम पर जनपद वाराणसी में भगवती कम्युनिकेशन दुकान से 30 जनवरी को दूसरा सिम लिया गया था। वहां के सीसीटीवी फुटेज को वादी के दिखाया गया तो वादी ने अभियुक्त को पहचान लिया और बताया कि यह व्यक्ति जमानिया का रहने वाला है तथा रेलवे स्टेशन जमानिया के पास मेरे घर के सामने इसकी मोबाइल की दुकान है। पूछताछ में अभियुक्त ने पैसा निकालने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर उसके घर से 1 लाख 73 हजार बरामद किया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक के साथ उपनिरीक्षक मंशा गुप्ता, उपनिरीक्षक सुनील तिवारी, कांस्टेबल विपिन तिवारी, बलवंत सिंह शामिल थे।