थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव में बुधवार की सुबह मकान में करेंट आने से पति और पत्नी झुलस गए। पास-पड़ोस के लोग खंभे से लाइन काटने के बाद दोनों प्राइवेट चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने पति को मृत घोषित कर दिया, जबकि पत्नी को भर्ती कराया गया।
बड़ौरा गांव निवासी विजय नारायण यादव का पुत्र अनिल यादव (45) दिल्ली में सेना में सिपाही के पद पर कार्यरत था। वह चार दिन पहले छुट्टी लेकर घर आया था। आज सुबह उसकी पत्नी विद्यावती देवी (40) घर के बरामदे में बैठकर कुछ काम कर रही थी, जबकि पति बाहर ब्रश कर रहा था। इसी दौरान उसे पत्नी की चीख सुनाई दी। वह दौड़कर अंदर पहुंचा तो देखा कि पत्नी करंट लगने से दीवार से चिपककर चींख रही है। वह उसे पकड़कर खींचने लगा, जिससे वह भी करेंट की चपेट में आ गया। करंट के झटके से दोनों झुलस गए। उनकी आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग घर में पहुंचे तो देखा कि दोनों दीवार से चिपके हुए थे। लोग दीवार के पास जाने के बाद दौड़कर मकान के बाहर आए और बांस-डंडा से किसी तरह से खंभे पर लगे तार को छुड़ाया। बिजली कटने के बाद परिवार के ग्रामीणों के साथ आनन-फानन में दोनों को निजी चिकित्सालय में ले गए, जहां चिकित्सकों ने अनिल यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि विद्यावती को भर्ती कराया गया। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। इस घटना से गांववासियों में शोक की लहर दौड़ गई।