सैदपुर। बारिश ने विकास कार्यों की गुणवत्ता की पोल खोल दी। नारायणपुर ककरही-दौलतपुर संपर्क मार्ग पर शिव मंदिर के पास स्थित पुलिया का बड़ा हिस्सा तेज बहाव में बह गया, जिससे चार-पांच गांवों का संपर्क टूट गया।
वहीं नगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की बाहरी चहारदीवारी भी भरभराकर सड़क पर गिर गई। ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार तक पुलिया से सामान्य आवागमन हो रहा था, लेकिन सोमवार देर रात कई घंटे हुई मूसलाधार बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव ने पुलिया के नीचे की मिट्टी काट दी।
देखते ही देखते सड़क का बड़ा हिस्सा धंसकर बह गया। हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पुलिया के शेष हिस्से पर बबूल की झाड़ियां रखवाकर आवागमन रोक दिया है।
पुलिया टूटने से नारायणपुर ककरही समेत आसपास के चार-पांच गांवों के लोगों, किसानों और छात्र-छात्राओं को लंबा चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीण वरुण मिश्र ने बताया कि पुलिया का बचा हुआ हिस्सा भी कभी भी गिर सकता है, इसलिए जल्द नई पुलिया का निर्माण कराया जाना चाहिए।
उधर, बूढ़ेनाथ महादेव रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की बाहरी चहारदीवारी भी लगातार बारिश के चलते देर रात सड़क पर गिर गई। संयोग से घटना रात में होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मलबा सड़क पर फैलने से कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता मनीष शुक्ला ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण का इस्टीमेट तैयार कर भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
वहीं उप जिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने कहा कि पुलिया की मरम्मत और आवागमन बहाल कराने के लिए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।