गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कालेज के अस्पताल में जल्द ही क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित होगा। करीब 50 बेड के यूनिट के लिए कालेज प्रशासन ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया। यहीं नहीं दो जगहों को चिन्हित कर एक निर्धारित स्थान को लेकर मंथन भी शुरू हो गई है। इसके स्थापित होने से आपात स्थिति के मरीजों को तत्काल और बेहतर उपचार की सुविधा मुहैया हो सकेगी।
लंबे समय से चिकित्सकीय सुविधाओं का दंश झेल रहा जनपद मेडिकल कालेज के स्थापित होने से चिकित्सा के क्षेत्र में अब धीरे-धीरे सुदृढ़ होता जा रहा है। एक तरफ जहां चिकित्सकों की कमी दूर हुई है, वहीं जांच, आपरेशन और उपचार की सुविधा भी मिलनी शुरू हो गई। कई और व्यवस्थाओं से लैस किया जा रहा है। ऐसे में अब क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित कराने को लेकर कवायद शुरू कर दी गई है।
करीब 50 बेड के इस यूनिट के लिए सीएमओ कार्यालय स्थित ट्रामा सेंटर और जिला अस्पताल के ऊपरी हिस्से को चिन्हित किया गया है। हालांकि यूनिट बनने को लेकर स्थान निर्धारित नहीं हुआ है। जल्द ही इसको लेकर भी प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। यहां किसी भी आपात स्थिति में पहुंचे मरीजों को तत्काल उपचार मिल सकेगा।
इसके लिए जीवन रक्षक यंत्रों और अन्य चिकित्सकीय उपकरणों को मंगाने की कार्रवाई भी जल्द शुरू होगी। इस संबंध में महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्राफेसर डा. आनंद मिश्रा ने बताया कि प्रस्ताव शासन के पास भेज दिया गया है। फरवरी तक मुहर लगने की उम्मीद है। हालांकि तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, जिससे क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित करने में दिक्कत न हो और समय से पूर्ण कराया जा सके।
श्वास से लेकर हड्डी विशेषज्ञ रहेंगे तैनात
गाजीपुर। क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित होने से गंभीर बीमारी से पीड़ित अथवा सड़क और अन्य घटनाओं में गंभीर रूप से घायल मरीजों को तत्काल उपचार देकर उनकी जान बचाई जा सकेगी। यहां श्वास, हड्डी से संबंधित विशेषज्ञों के साथ सर्जरी, बेहोशी, फिजिशियन और मेडिसिन संबंधित चिकित्सकों को तैनात किया जाएगा।