गाजीपुर। दिलदारनगर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात मुठभेड़ में पुुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी अरमान को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। मौके से पुलिस ने अवैध तमंचा, कारतूस और तलवार बरामद किया है। आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक डॉ.ईरज राजा ने बताया कि थाना प्रभारी दिलदारनगर तथा उपनिरीक्षक सत्यनारायण शुक्ल पुलिस टीम के साथ रात में गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि हत्या के प्रयास व अन्य मामलों में वांछित अभियुक्त ताड़ीघाट पुलिया के पास छिपा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अरमान निवासी महना, दिलदारनगर को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि पुलिस तलवार बरामद कराने के लिए जब आरोपी को लेकर प्राथमिक पाठशाला के पास पहुंसी, तो उसने पुलिया के पाइप से तलवार निकालकर दे दी। इसके बाद उसने वहीं छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बाएं पैर में गोली लगने से वांछित अभियुक्त घायल हो गया। घायल को पहले सीएचसी भदौरा ले जाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके से पुलिस ने तमंचा, खोखा कारतूस और तलवार बरामद किया है। मामले में दिलदारनगर थाने पर अतिरिक्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।