थाना क्षेत्र टड़वा गांव के पास शनिवार की सुबह ट्रक से कुचलकर बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शादियाबाद-सैदपुर मार्ग पर तीन घंटे तक चक्काजाम कर दिया। एसडीओ और सीओ द्वारा तत्कालीन सहायता राशि उपलब्ध कराने के बाद ही जाम समाप्त हुआ।
शादियाबाद थाना के अंदोखर गांव की रहने वाली मनसा देवी (22) की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व इसी थाने क्षेत्र इब्राहिमपुर गांव निवासी सतीश राम के साथ हुई थी। वह होली में तीन दिन पहले अपने मायके आई थी। शनिवार की सुबह वह अपने चचेरे भाई अरविंद के साथ बाइक से अपने एक वर्ष के पुत्र शिवम के साथ ससुराल आ रही थी। इसी दौरान टड़वा मार्ग पर सामने से एक सिलेंडर लदा ट्रक शादियाबाद से वाराणसी की तरफ जा रहा था। ट्
रक को ओवरटेक करने के प्रयास में सड़क की पटरी पर लगे पानी की वजह से बाइक असंतुलित हो गई और पीछे बैठी मनसा गिर पड़ी और ट्रक उसे रौंदते हुए आगे निकल गया। जबकि चचेरा भाई और पुत्र दूसरी तरफ से गिरने से बाल-बाल बच गए। गंभीर रूप से घायल होने से मनसा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जानकारी होते ही ग्रामीण मौके की तरफ से दौड़ पड़े। कुछ ही देर में वहां सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। लोगों ने घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को दी।
जानकारी होते ही परिवार सहित गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शादियाबाद-सैदपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जाम होते ही दोनों तरफ वाहनों के पहिए थमने लगे। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास करने लगी, लेकिन ग्रामीण सक्षम अधिकारी के मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े रहे।
बाद में एसडीएम और सीओ ग्रामीणों को समझाते हुए 20 हजार रुपये की तत्कालीन सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद ग्रामीणों में जाम समाप्त किया। करीब तीन घंटे तक चले जाम की वजह से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।