सदर कोतवाली के गोराबाजार मुहल्ला में शनिवार की रात चोर छत के रास्ते घुसकर एक बंद मकान में से सोने की अंगूठी सहित पायल उठा ले गए। रविवार की सुबह पड़ोसियों ने इसकी जानकारी मकान मालिक को दी। पीड़ित की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छान-बीन की।
गोराबाजार निवासी संदीप प्रजापति सेना में नौकरी करता है। मकान में उसकी बहन मनीष प्रजापति बच्चों के साथ रहती है। वह करीब डेढ़ माह पूर्व बच्चे को लेकर गुढ़गांव उपचार कराने के लिए चली गई। मकान में ताला बंद था। बीती देर रात चोर चहारदीवारी के सहारे मकान की छत पर चढ़ गए। इसके बाद आंगन में लगाई जाली को आरी से काटकर अंदर घुस गए और बारी-बारी से सभी कमरों को खंगाला। इस दौरान आलमारी में रखी एक सोने की अंगूठी और चांदी की पायल लेकर फरार हो गए।
सुबह जब आरटीआई मैदान में साफ-सफाई कर रहे एक युवक ने टूटी अटैची पड़ी देखी तो शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। अटैची में पड़ी मार्कशीट को देखने पर लोगों को इस बात की जानकारी हुई कि संदीप के मकान में चोरी हुई है। लोगों ने मकान मालिक के चचेरे भाई भाजपा नेता राजन प्रजापति ने फोन कर चोरी की सूचना दी। जानकारी होते ही वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसी रमावती देवी से चाभी लेकर मकान खोला और मामले की छानबीन की। इस मामले में राजन ने कोतवाली में चोरी की तहरीर दी है।