जमानिया कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बाजार में मंगलवार की देर शाम बाइक सवार
तीन बदमाशों ने तमंचे के बट से सराफ का सिर फोड़कर उससे लाखों के जेवर लूट
ले गए। गंभीर रूप से घायल सराफ को शहर के एक निजी नर्सिंगहोम में भर्तीं
कराया गया है। घायल दावा है कि बैग में करीब डेढ़ किलोग्राम सोने के जेवर
थे, जिसकी कीमत करीब पचास लाख रुपये है। पुलिस लुटेरों की तलाश नाकेबंदी
में जुटी है।
जमानिया कोतवाली क्षेत्र के सोनारटोला मुहल्ला निवासी
छोटेलाल वर्मा की घर से पांच सौ मीटर की दूरी पर जमानिया कस्बा बाजार में
सराफा की दूकान है। मंगलवार की शाम करीब साढ़े छह बजे दूकान बंद कर दो बैग
में सोने और चांदी के जेवर रखकर पैदल ही वह घर के लिए रवाना हुआ। दूकान से
कुछ ही दूरी पर बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया और कनपटी पर तमंचा
तान दिया।
दो बदमाश सराफ से गहनों से भरे बैग छीनने लगे। जब छोटेलाल ने
इसका विरोध किया तो तीसरे बदमाश ने तमंचे की मुठिया से वार कर उसका सिर
फोड़ दिया। लहूलुहान सराफ गिर पड़ और बदमाश गहनों से भरे दोनों बैग लूट कर
भाग निकले। घायल की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना
की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य
केंद्र ले आई जहां पर उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने उसे
जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
बाद में उसे शहर के एक निजी नर्सिंगहोम
में भर्ती कराया गया। घायल सराफ का कहना था कि दोनों बैग में करीब 50 लाख
के जेवर थे। जबकि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जमानिया एएन सिंह का कहना था कि
दोनों बैग में करीब 8 से 10 लाख के जेवर होने का पता चल रहा है। लेकिन
कारोबार के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। एसपी डा. उमेश चंद
श्रीवास्तव का कहना था कि मुकदमा दर्ज कर पुलिस को लुटेरों को जल्द से
जल्द गिरफ्तार करने का कड़ा निर्देश दिया गया है। बैग में कितने मूल्य का
जेवर रखा था इसकी जांच कर वास्तविकता पता की जाएगी।
वहीं स्वर्णकार
समाज जमानिया के तहसील अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा का कहना था कि लूट के शिकार
बने छोटे लाल वर्मा स्वर्णकार समाज के कोषाध्यक्ष होने के साथ ही साथ
अच्छे-खासे सराफा व्यवसायी हैं। इनके द्वारा क्षेत्र के छोटे-छोटे
दूकानदारों को भी आभूषण बनाकर दिए जाते हैं। इस मामले में पूलिस की कोई भी
हीलाहवाली बर्दाश्त नहीें की जाएगी। सही मुकदमा दर्ज कर पुलिस लुटेरों को
गिरफ्तार करे वर्ना बुधवार को बैठक कर बाजार बंद कर पुलिस के खिलाफ आंदोलन
किया जाएगा।