शहर के बड़ीबाग स्थित कांशीराम आवास में हुई छोटू सिंह की हत्या मामले के दो आरोपियों के मकानों में पुलिस ने शनिवार को कुर्की की कार्रवाई की।
आवास में रहने वाले युवकों से विवाद के बाद मारपीट करने की नीयत से कांशीराम आवास गए शास्त्रीनगर निवासी छोटू सिंह की आवास की महिलाओं सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडे से मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के परिवार के लोगों ने आवास में रहने वाले दो नामजद युवकों सहित दर्जन भर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्या के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे हैं।
29 दिसंबर 2013 को शहर के बड़ीबाग स्थित कांशीराम कालोनी में रहने वाले सत्येंद्र उर्फ बजरंगी जायसवाल और आशीष डांसर से शहर के शास्त्री निवासी झक्खड़ सिंह के पुत्र छोटू सिंह उर्फ अंशू का विवाद हो गया था। इसी बात को लेकर वह शाम को कुछ युवकों के साथ मारपीट करने के लिए कांशीराम आवास में अंशू के घर पहुंचा था।
कई युवकों को देख आवास में रहने वाले लोग भड़क गए थे और दर्जनों पुरुष और महिलाएं लामबंद होकर युवकों को दौड़ा ली थीं। लोगों का गुस्सा देख अन्य युवक तो वहां से भाग निकले थे, लेकिन लोगों ने छोटू सिंह को पकड़ लिया। उसकी लाठी-डंडा और लोहे के राड की इस कदर पिटाई की कि छोटू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के घर वालों ने सत्येंद्र और आशीष डांसर सहित करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।