जिला चिकित्सालय के आपातकालीन कक्ष में तैनात चिकित्सक पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री योगेंद्र सिंह योगेश ने समर्थकों के साथ बुधवार को अस्पताल के गेट पर धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आए दिन अस्पताल में मरीजों के साथ चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी बदसलूकी करते हैं।
उनके कार्यकर्ता रूपेश सिंह ने जब घायल दो मरीजों का इलाज तत्काल करने की बात कही तो इमरजेेंसी के चिकित्सक भड़क गए और उन्होंने बदसलूकी करते हुए उनको फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
धरना दे रहे योगेंद्र सिंह योगेश ने कहा कि घायल सूरज कुशवाहा और अब्बास राइनी का इलाज कराने के लिए कार्यकर्ता कुंवर रूपेश सिंह बुधवार को आपात कालीन कक्ष पहुंचे। घायल मरीज की पट्टी और टांका लगाने का आग्रह वार्ड ब्वाय से किया तो कक्ष में तैनात चिकित्सक भड़क गए। उन्होंने इलाज करने की जगह कार्यकर्ता और दोनों घायल मरीजों को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए पुलिस भी बुला लिया।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल के चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी इलाज करने के बजाए पूरी तरह से मनमानी करने में लगे हुए हैं। चेताया कि यदि व्यवस्था नहीं सुधरी तो स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सकों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर नगर अध्यक्ष रासबिहारी राय, रामसेवक यादव, राकेश जायसवाल, अमित श्रीवास्तव, सुजीत सिंह, गोपाल जी वर्मा, लव जायसवाल, कार्तिक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
जिला अस्पताल की छवि धूमिल करने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आपातकालीन कक्ष में हुए मामले में चिकित्सक का फरवरी माह का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। - डॉ. एके मिश्रा, सीएमएस जिला अस्पताल