बिक्री-कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर एवं वाणिज्य कर अधिकारी ने अपनी टीम के साथ विभिन्न मार्गों पर अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 10 लाख की कर चोरी पकड़ी। अभियान की वजह से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रही। चालक अपने-अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ाकर इधर-उधर खिसक गए थे।
विभागीय उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देश पर असिस्टेंट सेल टैक्स कमिश्नर अच्छेलाल सिंह एवं वाणिज्य कर अधिकारी बीएल यादव अपनी टीम के सचल दल के साथ जंगीपुर गाजीपुर मार्ग, जमानिया-सैयदराजा मार्ग एवं ताडीघाट-बारा आदि मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर की तरफ से एक ट्रक आता दिखाई दिया। जब टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ट्रक भगाने लगा। टीम ने पीछाकर उसे घेरकर पकड़ लिया। उसके कागजात की पड़ताल की तो उस पर सागौन की लकड़ी लदी थी।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह लकड़ी लेकर बिहार जा रहा था। उसे सीजकर सुहवल थाने की सुपुर्दगी में दे दिया। इसके बाद हमीद सेतु के पास गाजीपुर की तरफ से दो वाहन तेज गति से आते दिखाई दिए। जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। टीम ने पीछाकर मलसा गांव के पास पकड़ लिया। दोनों वाहनों को थाने लाकर पूछताछ की तो पता चला कि वाहनों पर परचून एवं प्लास्टिक सामान लदे थे।
कागजातों की जांच करने पर आधा-अधूरा मिला जिसे सीज कर सुहवल थाने को सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में असिस्टैंट सेल टैक्स कमिश्नर अच्छेलाल सिंह ने बताया कि कर चोरी में लिप्त तीन वाहनों से कुल 10 लाख की कर चोरी पकड़ी गई है। किसी भी कीमत पर कर चोरी नहीं होने दी जाएगी। यह अभियान बराबर चलता रहेगा।