दुबिहां। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के सरेजा गांव में सोमवार की रात खेत की सिंचाई करने गया एक किसान खेत में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए लगाए गए करेंट प्रवाहित तार से सट गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौत से घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सरेजा गांव निवासी चंदर यादव का पुत्र किसान बब्बन यादव (40) देर शाम खेत की सिंचाई करने के लिए सिवान के कोठवा मौजा में अपने पुत्र राहुल (12) के साथ खेत पर गया था। रात में करीब आठ बजे वह ट्यूबवेल से आने वाले पानी को देखने की बात पुत्र से कह कर वहां से निकला। जब काफी देर देर बाद भी वह वापस नहीं लौटा तो पुत्र परेशान हो गया। पिता को ढूंढने के लिए निकला तो देखा कि पास ही स्थित एक खेत में मवेशियों से सुरक्षा के लिए लगे लोहे के तार से पिता सटा हुआ था। उसने तत्काल इसकी जानकारी परिवार के लोगों को दी। परिवार सहित ग्रामीण मौके पर पर पहुंचे। परिवार के लोग शव लेकर घर आए। रात के सन्नाटे में परिवार के लोगों की चीख-पुकार गूंजने लगी। मौजूद लोग बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। मां तेतरी देवी और पत्नी आरती रो-रो कर बेहाल थी। पत्नी रोते-रोते कभी पूरी तरह से शांत हो जा रही थी तो कभी दहाड़े मार कर चीख-पुकार करने लग रही थी। उसे सांत्वना देने वाली महिलाओं की आंखें भी छलछला जा रही थी। घटना को लेकर लोग आशंका आशंका व्यक्त कर रहे थे कि ट्यूबवेल के लिए खींचा गया तार शायद कहीं कटा हुआ होगा और खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के तार से सटा होगा। रात में अंधेरे की वजह से बब्बन रात को देख नहीं सका होगा और उसकी जद में आ गया होगा। परिवार के लोगों ने ग्रामीणों से राय-मशविरा करने के बाद पुलिस को सूचना दिए बगैर की मंगलवार को शव को अंतिम संस्कार कर दिया।