गाजीपुर। सैदपुर थाना क्षेत्र के भद्रसेन चट्टी पर डहरा गांव के पूर्व बीडीसी सदस्य तथा मछली के व्यवसायी बेचन सोनकर की बीते 18 मई को हुई हत्या के मामले में स्थानीय पुलिस को बुधवार को एक और सफलता मिली। उक्त हत्याकांड में नामित कुल छह आरोपियों में अब तक तीन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के दबाव के कारण बुधवार को शेष तीन आरोपियों ने स्थानीय थाने में प्रार्थना पत्र देकर न्यायालय में जल्द समर्पण होने की बात कही है।
पुलिस की दबिश से परेशान आरोपियों ने स्थानीय पुलिस को प्रेषित अपने पत्र में गुहार लगाई है कि वह जल्द ही कोर्ट में सरेंडर कर देंगे। इस दौरान उनके परिजनों आदि को परेशान न किया जाय। वहीं आरोपियों के परिजनों ने कहा कि जिन लोगों पर उक्त हत्या का आरोप लगाया गया है, वह सभी निर्दोष हैं। कहा यह बात न्यायालय में सिद्ध हो जाएगी, जिससे हमें नाहक परेशान करने वाली पुलिस और हमारी मदद न करने वाले राजनेताओं को पता चल जाएगा। कोतवाल शरदचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि उक्त हत्याकांड के छह आरोपियों में आफताब, निजाम और कलीम उर्फ कलामुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में अभी तक गिरफ्तार न हो सकने वाले तीन आरोपियों की तरफ से हमें सरेंडर प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है।