नंदगंज(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के फतेउल्लाहपुर कानाडीह खिजिरपुर गांव में गुरुवार की दोपहर विद्युत खंभा में लगा करेंट प्रवाहित छरकी की जद में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फतेउल्लाहपुर कानाडीह खिजिरपुर गांव निवासी रामवृक्ष बिंद का पुत्र पीयूषचंद्र उर्फ डब्लू (32) आज दोपहर में अपने खेत में चारी काटने गया था। खेत में लगे विद्युत खंभा की छरकी में करेंट उतर रहा था। इससे अंजान डब्लू जैसे ही छरकी में सटा, करेंट की जद में आकर चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। जब कर लोग उसे करेंट से छुड़ाने का प्रयास करते, तब तक उसकी मौत हो गई। लोगों ने उपकेंद्र पर सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाना लाई। लिखा पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के चचेरे भाई बबलू बिंद ने विद्युत विभाग के खिलाफ थाना में तहरीर दी है। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।