सुहवल(गाजीपुर)। रेवतीपुर थाने की पुलिस ने गुरुवार की देर शाम मुखबिर की सूचना पर रामबृक्षकापुरा मालीबाग के पास से दो पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चार बैल और तीन बछड़े बरामद किये गए। पुलिस ने पशुक्रूरता, गोवध अधिनियम के तहत दोनों का चालान कर दिया।
रेवतीपुर थानाध्यक्ष देर शाम क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान करीब सात बजे मुखबिर से सूचना मिली कि रामबृक्षकापुरा मालीबाग के बगल में खेत की पगडंडियों से होते हुए पैदल दो तस्कर मवेशियों को लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वह हरकत में आ गए। वह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखते ही तस्कर भागने लगे। इस पर पुलिस ने घेरेबंदी कर दोनों तस्करों को पकड़ लिया। उनके पास से चार बैल एवं तीन बछड़ा बरामद किया। पूछताछ में तस्करों ने अपना नाम कैमूर के नुआंव गांव निवासी विरेंद्र राम बड्ढा और रेवतीपुर निवासी गुड्डू साह बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि वह पशु तस्करी के काम में लंबे समय से लिप्त हैं। पुलिस ने तस्करों सहित मवेशियों को थाना लाई। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि दोनों तस्करों का पशु क्रूरता एवं गोवध अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा कायम कर उनका चालान कर दिया गया है।