गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के सिटी रेलवे स्टेशन चौराहे पर बुधवार की दोपहर रोडवेज बस से कुचल कर एक बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस समेत फरार हो गया। घटना के बाद शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। उधर महिला के घर बकुलियापुर में मौत की खबर पहुंचते ही परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बकुलियापुर निवासी अवधेश यादव की पत्नी सुनीता देवी (35) दोपहर अपने भतीजा मनीष के साथ बाइक से खरीददारी करने बाजार गई थी। वह बाजार से खरीददारी करने के बाद वापस घर लौट रही थी। इसी बीच तेज रफ्तार स्थानीय डिपो में आ रही रोडवेज बस से टकरा कर वह बाइक से नीचे गिर पड़ी और बस के पहिये के नीचे आ गई। बस महिला को कुचलते हुए निकल गई, जिससे महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सुनीता का पति सेना में तैनात है। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। महिला के दो पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं। घटना की जानकी होते ही परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। पुलिस रोडवेज बस को पकड़ कर कोतवाली ले आई।