गाजीपुर। प्रेमी की बेवफाई के चलते एक छात्रा ने स्कूल में जहर खा लिया। उसकी हालत बिगड़ते ही विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे गांव का एक छात्र किसी तरह उसे घर पहुंचाया। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मच गया। किसी तरह घर वाले उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराए, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। उधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामला दुल्लहपुर थाना के एक गांव का है। छात्रा के घर वालों की माने तो वह कक्षा नौ में पढ़ती है। रोज की तरह भोजन के बाद स्कूल गई थी। इसी बीच उसके स्कूल से उसे बेहोशी की हालत में घर लाया गया। छात्रा की मां ने बताया कि स्कूल के छात्रों के अनुसार वह किसी बात को लेकर पढ़ते समय अचानक जहर खा ली। ग्रामीणों के अनुसार छात्रा एवं बगल के ही एक छात्र से काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रोज दोनों आपस में घंटों मोबाइल से बात करते थे। लोगों ने बताया कि उक्त प्रेमी छात्र की रिश्तेदारी छात्रा के ही गांव में है, जिसके चलते उसका आना-जाना लगा रहता है। दोनों एक-दूसरे के साथ जीने मरने की कसमें खाई। परिणय सूत्र में बंधने का फैसला लिया, लेकिन किसी बात को लेकर दोनों में तकरार हो गई और प्रेमी छात्र ने अपनी प्रेमिका से दूरी बना ली। यह बात छात्रा को नागवार लगी। इसी के चलते उसने दुनिया को अलविदा कहने का फैसला कर लिया लेकिन समय रहते उसे चिकित्सालय में भर्ती करा दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। दुल्लहपुर थानाध्यक्ष रवि मौर्या ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पूरे प्रकरण की जांच पड़ताल की जा रही है।