दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के अमारी रेलवे फाटक के पास बुधवार की देर शाम ट्रक की टक्कर से एक निजी विद्यालय के प्रबंधक की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इलाके के सोईया निवासी एक निजी विद्यालय के प्रबंधक रामसुख यादव (42) देर शाम सब्जी खरीदकर घर जा रहा था। वह जैसे ही अमारी रेलवे फाटक के पास पहुंचा जलालाबाद से जखनियां की तरफ तेज रफ्तार से जा रहे ट्रक की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस संबंध में भुड़कुड़ा सीओ आलोक प्रसाद ने बताया कि ट्रक को हिरासत में लेकर परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।