नंदगंज। थाना क्षेत्र के कमालपुर पुलिया के समीप सोमवार की सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालिका की मौत हो गई। दुर्घटना में चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव सहित ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।
मालूम हो कि कुर्बान सराय निवासी रमेश बिंद की पुत्री आरती बिंद (12) सोमवार की सुबह घर से राशन लेने के लिए कोटे की दुकान के लिए पैदल निकली। इसी दौरान करीब आठ बजे कमालपुर पुलिया के पास तेज रफ्तार से आ रही ट्रैक्टर की जद में आ गई। गंभीर रूप से घायल होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। शव पर नजर पड़ते दी दहाड़े में मारकर चीखने लगे। मौजूद लोग उन्हें सांत्वना देने में जुट गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार वालों से घटना के संबंध में पूछताछ करने के बाद शव के साथ ही ट्रैक्टर को कब्जेे में ले लिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता रमेश बिंद की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।