मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के इचौली गांव में सोमवार की रात चाचा की तेरही आए भतीजे की करेंट की जद में आने से मौत हो गई। वाकया उस समय हुआ जब टेंट हाउस की पाइप में अचानक करेंट उतर गया। मंगलवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
इलाके के इलौची निवासी गुलाब गुप्ता के छोटे भाई जुल्लू गुप्ता का बीते दिनों निधन हो गया था। सोमवार को उनकी तेरही थी। तेरही के लिए लगे टेंट में रात में करीब नौ बजे गुलाब गुप्ता का पुत्र संतोष गुप्ता (35) लोगों को खाना परोस रहा था। इसी दौरान करेंट प्रवाहित टेंट के पाइप के संपर्क में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया। इस दुर्घटना के बाद वहां अफरा-तफरा मच गई। परिवार के लोग आनन-फानन में संतोष को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद पहुंचे। चेकअप करने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही परिवार के लोग संतोष का शव लेकर घर पहुंचे, कोहराम मच गया। परिजन चीख-पुकार करने लगे। चाचा की तेरही में भतीजा की मौत से तेरही के कार्यक्रम में खलल पड़ गया। सोमवार की सुबह पहुंची पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मां का निधन पहले ही हो चुका है। पत्नी शैल कुमारी, पुत्र शिवम गुप्ता (13), सलोनी (10), आकांक्षा (8) और नीलू (6) रो-रोक कर बेहाल थे। इनको सांत्वना देने वालों की आंखें भी छलछला जा रही थी। घटना से गांववासी दर्द में डूब गए। दुखी मन से लोग चर्चा करते रहे कि परिवार के लोग अभी जुल्लू की मौत को भूल भी नहीं पाए थे और उसकी तेरही में करेंट लगने से भतीजा संतोष की भी मौत हो गई। ऊपर वाला परिवार के लोगों को इस दुख को सहन करने की क्षमता प्रदान करें।