दिलदारनगर। अपहृत किशोर आदित्य उर्फ टुकटुक की बरामदगी की मांग को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन चौथे दिन रविवार को भी नगर के पुराने छविगृह परिसर में जारी रहा। अनशन में शामिल व्यापारियों ने हुंकार भरते हुए कहा कि किशोर की बरामदगी न होने पर 22 अप्रैल को बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर पहुंचे सेवराई के उपजिलाधिकारी विक्रम सिंह ने व्यापारियों से वार्ता करते हुए जल्द से जल्द किशोर की बरामदगी का आश्वासन दिया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि 27 दिन बीत जाने के बाद भी अपहृत किशोर को पुलिस बरामद नहीं कर सकी, जिससे उसके परिजन चिंतित हैं। बरामदगी के नाम पर पुलिस के उच्चाधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। जनप्रतिनिधि भी मामले को लेकर गंभीर नहीं हैं। वह वोट के लिए पीड़ित परिवार से मिलकर सिर्फ बरामदगी का आश्वासन देकर लौट जा रहे हैं। किशोर की बरामदगी तक व्यापारी क्रमिक अनशन के साथ-साथ 22 अप्रैल से बाजार बंद कर विरोध-प्रदर्शन करेंगे। किशोर की बरामदगी तक व्यापारियों का आंदोलन जारी रहेगा। अनशन में दिनेश प्रधान, दिनेश अकेला, विश्वनाथ गुप्ता, सुरेश कश्यप, शंभू सिंह, रमाशंकर फौजी, मंटू गुप्ता, लालबहादुर शास्त्री, नंदू गुप्ता, अरविंद, सुभाष, वासिम, गोलू सेठ आदि शामिल थे।