मरदह(गाजीपुर)। स्थानीय बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा में रविवार की रात चोरी का प्रयास किया गया। शाखा के पिछले हिस्से की दीवार में लगा जंगला और ग्रिल चोर निकाल कर बैंक में घुसे और बिजली कनेक्शन काट दिया। साथ ही सीसीटीवी कैमरा को क्षतिग्रस्त कर दिया। बैंक में पड़े दस्तावेजों को खंगाल कर इधर-उधर फेंका। स्ट्रांग रूम के ताले को तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह ताला नहीं तोड़ सके। घटना की जानकारी बैंक कर्मियों को पूर्वांह्न दस बजे बैंक खुलने पर हुई। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच- पड़ताल की। इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेश सिंह यादव ने बताया कि शाखा प्रबंधक उमेश मिश्र की तहरीर पर चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।