मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के बच्छल का पुरा रामपुर पीपा पुल पर ट्रैक्टर चढ़ाते समय अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे चालक की मौत हो गई। घटना के बाद चालक के गांव बच्छल के पुरा में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि घर में रूदन-क्रंदन शुरू हो गया।
इलाके के बच्छल के पुरा निवासी दीप नारायण यादव के बेटे अरविंद यादव (26) शनिवार की दोपहर ट्रैक्टर लेकर गंगा तट पर पहुंचा। वहां से रास्ते की निगरानी करने के बाद वह रामपुर पीपा पुल पार करने के लिए ट्रैक्टर लेकर जाने लगा, लेकिन बालू में रखीं लोहे की प्लेटों पर अधिक मात्रा में बालू चढ़ने के कारण वह किसी तरह पीपा पुल के एक हिस्से को पार कर पाया था कि मध्य भाग में पहुंचते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक अरविंद गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद तत्काल आस-पास के लोगों मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर के नीचे से जख्मी अरविंद को किसी तरह बाहर निकाला गया। इस बीच उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद ले जा रहे थे कि रास्ते में अरविंद की मौत हो गई। अरविंद का शव लेकर परिजन पुन: गॉव चले गए। युवक का शव घर पहुंचते ही चिखना-चिल्लाना शुरू हो गया। उसकी माता ललीता देवी और पत्नि अर्चना का रो-रो कर बुरा हाल था। मृतक के बडे भाई अजीत और छोटा भाई मनोज के साथ ही पिता दीपनारायण भी अपने ऑसू नहीं रोक पा रहे थे। अरविंद यादव का विवाह पिछले वर्ष हुई थी। हादसे के वक्त पत्नी अर्चना अपने मायके में थी। तीन भाईयों में अरविंद बीच का था। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस गॉव पहुंचकर शव को कब्जे में ले ली और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।