कासिमाबाद। बरेसर थाना क्षेत्र के सागापाली मुरार सिंह गांव के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से शनिवार की सुबह एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुहम्मदाबाद में उपचार के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अमवा सिंह गांव की द्रौपदी देवी ने बरेसर थाना में तहरीर देकर बताया कि शनिवार को सागापाली गांव के पास एक ट्रैक्टर ने मेरे पति जितेंद्र राम (32) को कुचल दिया। गंभीर अवस्था में उन्हें बाराचवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर यहां से मुहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उधर, जितेंद्र की मौत से घर में कोहराम मच गया। दहाड़े मारकर बिलखती हुई पत्नी द्रौपदी बार-बार यह कह रही थी कि वह आठ बेटियों और एक बेटे का पालन-पोषण किसके सहारे करेगी।