सुहवल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के सुगवलिया गांव में मंगलवार को देर शाम अज्ञात कारणों से आग लगने से दो रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई। जिसमें पांच हजार नकदी और गृहस्थी का सामान आग की भेंट चढ़ गया। इसमें दो दुधारू पशु भी गंभीर रूप से झुलस गए।
सुगवलिया निवासी हंसलाल राजभर का परिवार खेत में काम करने के लिए गया था। इसी बीच देर शाम करीब सात बजे अज्ञात कारण से उनकी झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटें उठते देख ग्रामीण शोर करने लगे। सूचना मिलते ही हंसलाल परिवार के साथ पहुंचे और ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक झोपड़ियों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। लपटों में दो दुधारू पशु भी गंभीर रूप से झुलस गए। पीड़ित ने बताया कि आग की घटना में झोपड़ी में रखा पांच हजार नकदी, बिस्तर, कपड़ा, चारपाई, चौकी, अनाज सहित हजारों का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।