देवकली (गाजीपुर)। सैदपुर थाना क्षेत्र के खांवपुर गांव के लोग शनिवार की शाम फोरलेन क्रास करने के लिए ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर जाम लगा कर हो-हल्ला करने लगे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर पौन घंटा बाद जाम समाप्त कराया। जाम की वजह से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मालूम हो कि पिछले कई महीनेे से फोरलेन के निर्माण का कार्य चल रहा है। फोरलेन क्रास करने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण न होने पर खांवपुर गांव के लोगों का गुस्सा आज फूट पड़ा। शाम करीब पांच बजे दर्जनों ग्रामीण गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर खांवपुर गांव के सामने चक्काजाम कर हो-हल्ला करने लगे। जाम होते ही मार्ग पर आवागमन थम गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम करने वालों का कहना था कि फोरलेन बनने पर ओवरब्रिज का निर्माण न होने से गांव वालों को आवागमन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। जाम की जानकारी होते ही सैदपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों को समझा-बुझा कर पौन घंटा बाद जाम समाप्त कराया। जाम की वजह से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वह समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।