भदौरा(गाजीपुर)। बाजार में जाम के दौरान ओवरलोड ट्रकों को रोकने के बाद भी चालक मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इससे नाराज उपजिलाधिकारी सेवराई ने सोमवार को दिन में वाहनों की चेकिंग शुरू की। इससे चालकों में कुछ देर के लिए अफरातफरी मची रही। इस बीच कई चालक ट्रक खड़ा कर भाग गए। इससे आवागमन में अवरोध उत्पन्न हो गया। एसडीएम ने दो ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया है।
उप जिलाधिकारी एसपी श्रीवास्तव भदौरा बाजार होते हुए कार्यालय जा रहे थे। तभी बाजार में जाम लगा देख वाहन को रुकवा दिया और वाहन से नीचे उतर गए। इस बीच सामने से आ रहे एक ट्रक चालक को रुकने का इशारा किया तो चालक उनके काफी करीब से वाहन को बढ़ाता चला गया और कुछ दूरी पर ले जाकर रोका। इस पर एसडीएम की त्योरी चढ़ गई। उन्होंने साथ में मौजूद सुरक्षा गार्ड और वहां तैनात पुलिस कर्मियों को वाहनों के कागजात और ओवरलोड वाहनों की जांच के आदेश दिए। जिस पर वाहन चालकों में अफरातफरी मच गई। कई ट्रक चालक वाहनों को खड़ा कर मौके से भाग गए। जानकारी मिलते ही अन्य वाहन चालकों ने भी ऐसा ही किया। इससे घंटों आवागमन में अवरोध उत्पन्न होता रहा। एसडीएम ने ओवरलोडिंग में दो वाहनों को सीज कर दिया। उप जिलाधिकारी ने बताया कि देवल कर्मनाशा पिकेट से लगातार ओवरलोड वाहनों के चलने की शिकायतें मिल रही हैं। इससे बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। इसलिए ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सोमवार चेकिंग अभियान चलाते हुए बालू और कोयला लदे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वाहनों के कागजात देखे गए। अगर ओवरलोड और अन्य शिकायतें पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।