गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पतार गांव में लगी डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा रविवार की रात अराजकतत्वों ने तोड़ दी। सोमवार को जानकारी होते ही नाराज ग्रामीणों ने मुहम्मदाबाद-बलिया मार्ग जाम कर दिया। जानकारी होते ही पहुंचे मुहम्मदाबाद के एसडीएम और सीओ ने दूसरी प्रतिमा लगवाने और अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
पतार गांव में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा देर रात कुछ अराजकतत्वों ने तोड़ दी। सुबह घटना की जानकारी मिली तो ग्रामीणों की भीड़ लग गई। प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने से नाराज ग्रामीण मुहम्मदाबाद-बलिया मार्ग को सुबह साढ़े 8 बजे जामकर कार्रवाई की मांग करने लगे। जाम की सूचना मिलते ही करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और जाम समाप्त कराने के लिए ग्रामीणों को समझाने-बुझाने लगे, लेकिन ग्रामीण अपनी जिद्द पर अड़े रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। जाम की सूचना मिलते ही भांवरकोल और मुहम्मदाबाद पुलिस टीम के साथ मुहम्मदाबाद एसडीएम ज्ञानप्रकाश यादव और क्षेत्राधिकारी अनिल राय मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने दूसरी मूर्ति लगवाने और अराजक तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। मुहम्मदाबाद-बलिया मार्ग पर एक घंटा जाम के चलते दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई थी। लोग समस से गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।