गाजीपुर। जनता दल (यूनाइटेड) के जिलाध्यक्ष विनीत कुमार तिवारी ने पुलिस अधीक्षक को पत्रक सौंपा। दिए गए पत्रक में उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे गाजीपुर के एक टीटीई पर घर पर गुंडों को भेजकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिलवाने का आरोप लगाया।
पत्रक में उन्होंने कहा है कि 19 जून को सुहेलदेव ट्रेन से मेरे मुहल्ला सकलेनाबाद की एक गर्भवती महिला, जिसका इलाज दिल्ली में चल रहा है, उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के लिए दिल्ली जाना था। महिला के परिजनों ने टीटीई से पैरवी करते हुए एक सीट दिलाने का अनुरोध किया, लेकिन टीटीई द्वारा सीट नहीं दी गई। इसकी जानकारी होने पर मैनें उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत की। इसी बात का खुन्नस निकालने के लिए टीटीई अपने तीन दबंग किस्म की लोगों को शुक्रवार की रात करीब पौने 11 बजे चार पहिया वाहन से मेरे घर भेजा। उक्त लोगों ने असलहा लहराते हुए मेरे छोटे विनय कुमार तिवारी एवं माता-पिता से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। धमकी देने वाला एक व्यक्ति के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज है। एसपी ने मामले की छानबीन करते हुए संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।