मनिहारी। शादियाबाद थाना क्षेत्र के हंसराजपुर-यूसुफपुर मार्ग पर स्थित बभनौली गांव के पास बुधवार की देर रात बाइक और साइकल की टक्कर में एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार की सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस मामले में मृतक के पुत्र ने बाइक सवार के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
यूसुफपुर खड़बा निवासी नूर मोहम्मद (58) ईद मनाने के बाद बुधवार की रात साइकल से अपने दूसरे घर करारबीर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब नौ बजे हंसराजपुर-यूसुफपुर मार्ग पर स्थित बभनौली गांव के पास तेज रफ्तार बाइक से साइकल की टक्कर हो गई, जिससे नूर मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की जानकारी घायल के परिवार वालों को दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी ले गए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उपचार के दौरान सुबह करीब पांच बजे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतक के पुत्र मो. फारुक की तहरीर पर बाइक सवार मंगल उर्फ मटरू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।