नंदगंज। थाना क्षेत्र के सहेड़ी स्थित जय गुरुदेव आश्रम के पास मंगलवार की सुबह पुलिस ने सामानों की चोरी करने वाले गिरोह की पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। उनका संबंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष कण्व कुमार मिश्र को मुखबिर से सूचना मिली कि सामानों की चोरी करने वाले गिरोह की कुछ महिलाएं सहेड़ी स्थित जय गुरुदेव आश्रम के पास मौजूद हैं। यह सूचना मिलते ही वह हरकत में आ गए और सुबह करीब साढ़े पांच बजे पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्त में आई महिलाएं आजमगढ़ निवासी अमरौता, जौनपुर निवासी उर्मिला, सोनी, सरवीना तथा गोरखपुर निवासी फूला शामिल है। इनसे पास आभूषण सहित अन्य सामान बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 80 हजार है। बताया कि इस गिरोह के सदस्य सवारी गाड़ियों में सवारी बनकर बैठते थे और अन्य सवारियों के बैग में रखे कीमती सामान और पैसे-गहने चुराकर रास्ते में ही उतर जाते थे। यह गैंग गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, बलिया, मऊ सहित पूर्वांचल के कई जिलों में सक्रिय था।