कासिमाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ कर फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करना एक युवक को मंहगा पड़ गया। पोस्ट के वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक को पकड़कर जेल भेज दिया। इसकी चर्चा थाना क्षेत्र के चारों तरफ जोरशोर से हो रही है।
प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने अपने लिखित तहरीर में दिया है कि शुक्रवार की रात सरकारी जीप से अपने हमराहियों के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दरम्यान कुछ लोगों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक स्थिति में थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी सोहन राजभर का पुत्र प्रदीप राजभर (35) ने अपने वाट्सएप एवं फेसबुक पर पोस्ट किया है तथा लिखा है कि क्या ऐसे लोगों से लोकतंत्र सुरक्षित रह सकता है। इस बात की तहकीकात की गई तो प्रकरण सही पाया गया। इस पर पुलिस ने प्रदीप राजभर को उनके घर से शुक्रवार की रात में ही गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार इस तरह की पोस्ट कई दिनों से क्षेत्र के लोगों में चर्चा का विषय बन रही है। लोग इसकी निंदा कर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। दोषी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।