नंदगंज (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र कुसम्ही कला गांव के सामने गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर रविवार को आटो और ट्रक की आमने-सामने से टक्कर में चालक सहित दो की मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज भेज दिया।
शहर कोतवाली के नौकापुरा निवासी आटो चालक राजेंद्र यादव (40) लंका बस स्टैंड से सवारी लेकर नंदगंज जा रहा था। जैसे ही वह कुसम्ही कला गांव के पास पहुंचा। वाराणसी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने सामने से टक्कर मार दिया। इस घटना में आटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आटो में बैठे 5 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घंटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने दुर्घंटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जहां इलाज के दौरान घायल 40 वर्षीय एक अज्ञात की भी मौत हो गई। जबकि घटना में घायल प्रमोद (18), कृष्णा (16), अरविंद (32) और राशिद (21) का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मृत आटो चालक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संबंध में भुड़कुड़ा सीओ आलोक प्रसाद ने बताया कि जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।