जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित पार्किंग में शनिवार को बाइक चोर को ठेकेदार सहित वहां मौजूद लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
स्टेशन बाजार स्थित पार्किंग में शनिवार को सुबह करीब नौ बजे एक युवक चाभी लगाकर बाइक को स्टार्ट करने लगा। इसी बीच वहां मौजूद ठेकेदार पर उसकी नजर पड़ी तो वह हड़बड़ा गया। संदेह होने पर वह युवक के पास पहुंचे और बाइक के संबंध में पूछताछ करने लगे। इस पर युवक कोई जवाब नहीं दे पाया। आसपास मौजूद लोग भी वहां पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद रेलवे प्रशासन और आरपीएफ को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची आरपीएफ ने उसे जीआरपी को सौंपने की बात कही। इसके बाद लोगों ने युवक को स्टेशन बाजार स्थित चौकी की पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि युवक अमित कुमार, बिहार के कैमूर विराठी निवासी है। उसके परिजनों को सूचना देने के साथ मामले की जांच की जा रही है।