गाजीपुर। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रविवार की रात शार्ट-सर्किट से आग लगने के कारण छह झोपड़ियां जलकर राख हो गई। आग की घटना में दो पशुओं की मौत हो गई। जबकि अन्य दो पशु गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पहुंचे एसडीएम ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़ितों को सहायता प्रदान किया। करंडा संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के खनगह कला गांव के बनवासी बस्ती में देर रात हाइटेंशन तार के आपस में सटने से शार्ट-सर्किट होने लगी। जिससे निकली चिंगारी आशा की झोपड़ी पर गिर गई। अभी लोग कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास स्थित झोपड़ी में भी धूं-धूं कर जलने लगी। देखते ही देखते भगवत बनवासी, सिरकवल और लाल बहादुर की झोपड़ी में भी आग पकड़ लिया। घटना में आशा की झोपड़ी में बंधी एक भैंस की झुलसकर मौत हो गई। साथ ही झोपड़ियों में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने एक घंटे कड़े मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार को सैदपुर एसडीएम सत्यम मिश्रा मौके पर पहुंच गए और पीड़ितों को एक-एक कंबल देने के साथ कोटेदार को राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। दुल्लहपुर संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के रामपुर पतारी गांव निवासी जगदीश चौहान की झोपड़ी में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की घटना में झोपड़ी में बंधा एक पड़वा की मौत हो गई। जबकि एक भैस और एक गाय गंभीर रुप से झुलस गई। ग्रामीणों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी।