सेवराई(गाजीपुर)। विगत माह विकास खंड भदौरा के गोड़सरा ग्राम पंचायत में शौचालय निर्माण के नाम पर लाखों रुपये के घोटाले की शिकायत पर जांच में दोषी ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ एडीओ पंचायत त्रिवेणी प्रसाद सिंह ने गहमर थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया है। गोड़सरा ग्राम पंचायत में लाखों रुपये के घोटाला की शिकायत गांव निवासी राशिद खां ने की थी। जांच अधिकारी जब मामले की जांच में जुटे तो गंभीर वित्तीय अनियमितता एवं घोटाला उजागर हुआ। निलंबित ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराया गया। अभिलेख उपलब्ध न कराने के कारण जांच की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी। उभय पक्षों के असहयोग के कारण जांच में प्रभावकारी विलंब किए जाने का प्रयास किया गया। मामले में गंभीर वित्तीय अनियमितता को दृष्टिगत रखते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दूबे के निर्देश पर भदौरा के एडीओ पंचायत त्रिवेणी प्रसाद सिंह ने गुरुवार को तत्कालीन सचिव राधेश्याम यादव के विरुद्ध गहमर थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया है।