फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधान के घर डकैती, बदमाशों ने छत से फेंका

विज्ञापन
विज्ञापन
जमानिया(गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के दरौली गांव में गुरुवार की रात डकैतों ने धावा बोलकर किराए के मकान में रह रहे ग्राम प्रधान के यहां जमकर लूटपाट की। डकैत छत के रास्ते मकान में घुसे थे। उनकी संख्या बारह से अधिक थी। सभी अपना मुंह गमछे से बांधे हुए थे। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने ग्राम प्रधान की पिटाई की और आठ हजार रुपये नगदी, मोबाइल छीनने के बाद छत से नीचे फेंक दिया। इसके बाद नीचे खड़े अन्य बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया और छत पर बोरिंग के लिए रखे 22 पाइप भी पिकअप पर लाद ले गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी इत्मीनान से फरार हो गए। घटना की सूचना काफी देर बाद पुलिस को दी गई। ग्राम प्रधान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के दरौली गांव के ग्राम प्रधान कोमल सिंह मौर्य की माने तो रोज की तरह गुरुवार की रात भी दरौली चट्टी स्थित अपने किराए के मकान में खाना खाने के बाद छत पर टीनशेड में सो रहे थे। जबकि एक कमरे में उनकी पत्नी सरोज, बेटी नेहा (13) और बेटा जीवन (20) सोया था। रात लगभग एक बजे करीब दर्जनभर की संख्या में मुंह बांधे बदमाश पीछे की दीवार से छत पर पहुंचे। दो बदमाशों ने उनकी दोनों कनपटी पर तमंचा सटा दिया, जबकि एक ने उनके दोनों हाथ पकड़ लिए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इससे वह पूरी तरह से भयभीत हो गए। अन्य बदमाश बोरिंग के लिए रखी नई और पुरानी 22 पाइपों को पिकअप पर लाद लिए। इस दौरान जेब में रखे करीब आठ हजार नकदी और मोबाइल भी निकाल लिए। इसका विरोध करने पर पिटाई की और जाते समय छत से नीचे फेंक दिया। संयोग था कि जिस स्थान पर ग्राम प्रधान गिरे, वहां पर बालू रखा था, जिससे सिर्फ पैर में चोट आई और खड़ा होने के बाद बगल की एक मकान में बदहवास अवस्था में दुबक गया। ग्राम प्रधान ने बताया कि बदमाशों के जाने के बाद शोर मचाने पर मेरे परिवार के साथ ही आस-पास के लोग जगकर घरों से बाहर निकल गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीण शुक्रवार की सुबह ग्राम प्रधान के साथ कोतवाली पहुंचे। ग्राम प्रधान ने अज्ञात डकैतों के खिलाफ तहरीर दी। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। मौका मुआयना के बाद ग्राम प्रधान के कथन और मौके पर मिले साक्ष्य में कुछ अंतर प्रतीत हो रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें